पंडरी में सड़क जाम के बाद घायल हुईं महिलाओं व पीड़ितों से मिले माले नेता
गिरिडीह। होली से एक दिन पूर्व जिले में ताराटांड़ थाना क्षेत्र के मोहलीडीह में हुई सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मौत के बाद मुआवजे को लेकर पंडरी में हुए कई घंटों के सड़क जाम को हटाने में पुलिस की कार्रवाई से चोटिल हुई महिलाओं सहित अन्य पीड़ितों से आज भाकपा माले नेता राजेश यादव ने मुलाकात की। इस बाबत माले नेता ने पीड़ितों की बातों को सुनने और उनके घरों का जायजा लेने के बाद कहा कि, असली मसला सड़क पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं और पीड़ित परिवार के मुआवजे को लेकर सरकार की मौजूदा नीति है, जिस कारण प्रायः हर दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार के प्रति असुरक्षा का भाव लिए मुआवजे की मांग लेकर स्थानीय लोग स्वयं स्फूर्त तरीके से सड़क जाम कर देते हैं। कहा,आए दिन दुर्घटनाओं के बाद सड़क जाम और पुलिस को बल प्रयोग करके सड़क जाम हटाने की कार्रवाई दिखने में आती है। कहा कि, अभी पिछले 1 सप्ताह में ताराटांड़ थाना क्षेत्र में ही तीन-तीन घटनाएं घट चुकी हैं, जिसमें 2 घटनाओं में सड़क जाम भी हुआ। श्री यादव ने केंद्र तथा राज्य सरकारों से एनएच तथा स्टेट हाईवे में होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर मुआवजे की स्पष्ट नीति बनाने की मांग करते हुए कहा कि, किसी भी सड़क दुर्घटना के शिकार पीड़ित परिवार को 10 दिनों के भीतर मुआवजा कम-से-कम 10 लाख नकद/बैंक खाते में भुगतान तथा पीड़ित परिवार के किसी आश्रित को पेंशन व अन्य जरूरी सुविधाएं मिलने की प्रक्रिया शुरू होने की गारंटी होनी चाहिए। ऐसा करके ही ऐसी घटनाओं के बाद होने वाले सड़क जाम से छुटकारा पाया जा सकता है।साथ ही माले नेता ने कहा कि, इस घटना में पुलिस प्रशासन को संयम से काम लेना चाहिए था। लेकिन बल प्रयोग कर सड़क जाम हटने के बाद भी पुलिस ने कई घरों में जाकर जो कार्रवाई की, वह भी कहीं से विधि सम्मत नहीं है। कहा कि, पुलिस की लाठियों से 75 वर्षीया बुजुर्ग महिला जिरवा देवी समेत विमला देवी, बबीता देवी, रेखा देवी, माला देवी, सुनीता देवी, गुड़िया देवी (नई बहू), पिंकी देवी (गर्भवती) ज्योति कुमारी समेत कई अन्य को चोटें लगी है। कई घायलों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना को लेकर करीब 2 दर्जन नामजद के अतिरिक्त अज्ञात भी करीब एक सौ लोगों पर केस किए जाने की सूचना से पूरे गांव में दहशत व्याप्त है।इसलिए भाकपा माले द्वारा इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को इससे बरी करने तथा आम लोगों में पुलिस प्रशासन से व्याप्त दहशत के माहौल को खत्म करने की मांग की है, साथ ही कहा है कि उनकी पार्टी जनता को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगी तथा जरूरत पड़ी तो इसे लेकर सूबे के आला अधिकारियों से भी न्याय की मांग की जाएगी।पंडरी में पीड़ितों से मिलने के बाद माले नेता ने ताराटांड़ के थाना प्रभारी से भी मिलकर उनसे ग्रामीणों का पक्ष रखते हुए सहानुभूति पूर्वक विचार करने की अपील की।मौके पर इंकलाबी नौजवान सभा के नेता अखिलेश राज सहित स्थानीय ग्रामीण सुदामा साव, बालगोविंद मंडल, रंजीत राना, बिरजू रवानी, ऋषो महतो, अनुज सिन्हा, राजेश यादव, राजू राना, रामचंद्र राना, अर्जुन यादव, मनीष कुमार राना, महेश रवानी, केवल राना, अजय कुमार, अशोक राना, सुरेश राणा, दुखन रवानी, सिंटु कपिसवे, मनु राम, फागू राना, भरत राना, प्रकाश यादव, मुकेश यादव, डिलो यादव, हर्ष कुमार, प्रवीण यादव, मुकेश मंडल, पप्पू यादव, अनिल राना, बल्ली यादव, कांति देवी, यशोदा देवी, सकुनवा देवी, रीना देवी, सुनीता देवी, बबीता देवी, रेखा देवी, जिरा देवी, रीता देवी, प्रेमा देवी, ज्योति कुमारी, पिंकी देवी, कौशल्या देवी तथा अन्य ग्रामीण मौजूद थे।