फुटकर दुकानदारों के समर्थन में उतरीं विधायक दीपिका

विधायक ने महागामा अनुमंडल प्रशासन एवं नगर पंचायत के अधिकारियों को फुटकर दुकानदारों के दुकान के लिए जगह चिन्हित करने का दिया निर्देश

जनहित के अनेक मुद्दों पर प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने का दिया गया टास्क

IMG-20230213-WA0038

महागामा। जनहित के लिए सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करने के लिए कभी भी तैयार रहने वालीं महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह सोमवार को महागामा के फुटकर दुकानदारों के समर्थन में काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने अनुमंडल प्रशासन एवं महागामा नगर पंचायत के अधिकारियों को अविलंब जगह चिन्हित करते हुए फुटकर दुकानदारों को आवंटित करने का निर्देश दिया।
बताते चलें कि अनुमंडल मुख्यालय महागामा के बसुवा चौक स्थित गोचर जमीन पर दुकानदारी कर रहे लोगों पर अतिक्रमण मुक्ति का बुलडोजर चलने से फुटकर दुकानदारों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उठ खड़ी हुई है। फुटकर दुकानदारों की पीड़ा को भांपते हुए विधायक ने समस्या के समाधान के लिए गंभीरतापूर्वक पहल की। विधायक श्रीमती दीपिका ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय महागामा में अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, कार्यपालक दंडाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव मिश्रा, अंचलाधिकारी रंजन यादव के साथ अतिक्रमण को लेकर बैठक की। विधायक ने निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमित हुए दुकानदारों को जल्द ही जगह चिन्हित कर दुकानदारों को जगह दें, ताकि सभी रोजी रोटी कमा सकें।
बैठक में विधायक श्रीमती दीपिका ने जनहित के कार्यों की समीक्षा करते हुए जनहित मुद्दे पर पहल करते हुए कई सुझाव और दिशा निर्देश दिए। उन्होंने महागामा बसुआ चौक एवं गोचर जमीन पर अतिक्रमित दुकानों को जगह चिन्हित करके दुकान आवंटन के निर्देश दिए। क्षेत्र में खराब पड़े कई जल मीनार को जल्द से जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया गया। विधायक ने कहा कि अगर संबंधित विभाग से जल मीनार को ठीक कराने में कोई परेशानी होती है तो अवगत कराएं, ताकि विधायक निधि से ठीक करवाया जा सके, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
इसके अलावे महागामा अनुमंडल कार्यालय के आगे मुख्य मार्ग के समीप पोखर का सौन्दर्यीकरण करने का निर्देश दिया गया।
महागामा अनुमंडल कार्यालय के आगे इंडोर स्टेडियम निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य को लेकर जल्द ही प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया, ताकि जल्द से जल्द इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके। महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में कचरा प्रबंधन को लेकर विधायक श्रीमती दीपिका ने ईसीएल अधिकारियों से बात करके खनन क्षेत्र में कचरा डंप करने का निर्देश दिया।
विधायक के निर्देश के आलोक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव मिश्रा ने त्वरित पहल करते हुए बसुआ चौक स्थित गोचर भूमि पर जेसीबी के द्वारा जमीन को समतल करवाकर दुकानदारों के लिए दुकान के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि चिन्हित जगहों पर दुकान व्यवस्थित ढंग से लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। एक ओर से सब्जी, फल दुकान, मुर्गा, मछली, मीट दुकान, चाय पान की दुकान सहित अन्य दुकानों के लिए अमीन के द्वारा नापी करके जगह दिया जा रहा है। कार्यपालक पदाधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि विधायक के पहल से जल्द ही बस स्टैंड, मार्केट कांपलेक्स, हाइ मास्क लाइट सहित सौन्दर्यीकरण के कार्य का डीपीआर जल्द ही तैयार किया जाएगा।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/4a8g

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *