जामा। थाना क्षेत्र के दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर शिलांदा के पास रविवार को मारुति की चपेट में आने से एक मजदूर जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने 108 नंबर पर डायल कर जख्मी मजदूर को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामा में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद होश आने पर उसने अपना नाम विजय टूडू बताया। वह बिहार के पूर्णिया के ढोल बाजार का रहने वाला है। विजय ने बताया कि वह अन्य मजदूरों के साथ मजदूरी करने दुमका आया था और अपने एक साथी के साथ नशे की हालत में शिलांदा के पास सड़क क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान मारुति वैन के चपेट में आने से घायल होकर गिर पड़ा। मौके से मारुति वैन भाग गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद मजदूर अपने साथी मजदूर के साथ दुमका वापस चला गया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/4fb3