
दुमका। मसलिया प्रखंड परिसर मे बुधवार को भाकपा माले के बैनर तले दुमका जिला को सुखाड़ घोषित करने को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। आठ सूत्रीं मांगपत्र बीडीओ पंकज कुमार रवि के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। जिला को सुखाड़ घोषित करने, गरीब मजदूर एवं किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने, लाल कार्ड, अंत्योदय एवं ग्रीन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 30 किलोग्राम चावल मुफ्त एवं जरूरत मंद से संबंधित तमाम सामग्री को सस्ते दामों पर जनवितरण प्रणाली दुकान के माध्यम से उपलब्ध कराने, मसलिया प्रखंड के सभी पंचायत के जॉब कार्ड मजदूरों को 200 दिनों के काम के साथ 600 रुपये की मजदूरी भुगतान गारंटी करने, सामुदायिक एसपीटी एवं सीएनटी एक्ट के अंतर्गत भूमि पर अवैध कब्जा को मुक्त कराने की मांग शामिल है। इस धरना में जिला सचिव बाबूलाल राय, भुंडा बास्की, सुनील हेम्ब्रम, सोकोदि मुर्मू, सोमलाल हेम्ब्रम, सुजीत राणा सहित अनेक थे।