दिव्यांग महिला के लिए फरिश्ता बनकर आए हरियाणा के मुख्यमंत्री, जेब से कर दी ये मदद

11,,
हरियाणा/- (वासु के मेहता हरियाणा पॉलिटिकल ब्यूरो प्रमुख) I सच्चे मन, पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ मानवता की सेवा को समर्पित हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आये दिन अपने आचरण से लोगों का दिल जीत रहे हैं। समूचे प्रदेश को अपना परिवार मानने वाले मुख्यमंत्री से किसी की परेशानी नहीं देखी जाती। किसी को परेशानी में घिरा देख मुख्यमंत्री उनकी मदद के लिए हमेशा आगे आते हैं।
कुछ ऐसा ही शुक्रवार को भी हुआ जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल चंडीगढ़ से पंचकूला की ओर जा रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे एक दिव्यांग महिला को देखा और अपना काफिला रुकवाकर उसकी परेशानी जानी। मुख्यमंत्री ने महिला को मौके पर ही अपनी तरफ से आर्थिक सहयोग दिया और सरकारी योजनाओं का लाभ देने का भी भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री को इस प्रकार से अपने सामने देखकर वह महिला हैरान रह गई। महिला ने बताया की वह कभी सोच भी नहीं सकती थी कि एक दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री स्वयं आकर उसकी मदद करेंगे। महिला ने बताया कि उसने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के बारे में जैसा सुना था वे बिलकुल वैसे ही हैं जो वंचितों को सरकार की ओर से मदद के लिए दिन रात जुटे हैं और इसी को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रहे हैं। महिला ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि मुख्यमंत्री को सदैव स्वस्थ रखें और लम्बी आयु दें और वे ऐसे ही जनता की सेवा करते रहें।
मुख्यमंत्री समाज की भलाई, जन-जन के जीवन को सुखमय करने, वंचितों व जरूरतमंदों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए अंत्योदय की भावना से आगे बढ़ रहे हैं। श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विभिन्न वर्गों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, ताकि अंत्योदय की भावना से समाज के कमजोर से कमजोर व्यक्ति के विकास की परिकल्पना को साकार किया जा सके। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना चलाकर गरीबों व वंचितों को स्वावलंबी बनाकर जीवन जीने का अधिकार दिया है। मुख्यमंत्री का मानना है कि गरीब व जरूरतमंदों का सरकारी सुविधाओं व सेवाओं पर पहला हक है।
प्रदेश में वंचितों व जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना का विस्तार करते हुए चिरायु हरियाणा योजना शुरू की गई है। इसमें 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को 5 लाख रुपये वार्षिक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। इससे प्रदेश में लगभग 29 लाख परिवार कवर हो रहे हैं। प्रदेश में अंत्योदय परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए निरोगी हरियाणा योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत 25 मानकों के आधार पर गरीब व वंचित परिवारों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
ऐसे में देखा जाए तो गरीबों व वंचितों के उत्थान के लिए कार्य करना ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जीवन का लक्ष्य है। वे प्रदेश की लगभग पौने 3 करोड़ जनता को अपना ही परिवार मानते हैं। मनोहर लाल वसुधैव कुटुम्बकम् के सिद्धांत पर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/5hja

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *