बेरमो /गोमिया i एक तरफ 22 मार्च बुधवार को विश्व जल दिवस पर बोकारो जिला प्रशासन ने कई कार्यक्रम कर लोगों को जागरूक किया. वहीं दुसरी ओर गोमिया प्रखंड अंतर्गत हजारी पंचायत के खुदगड्डा ग्राम में स्थापित ओएनजीसी प्लांट से केमिकल का कचरा युक्त पानी सीधे बोकारो नदी में प्रवाहित होता रहा. केमिकल युक्त कचरा के प्रवाह से नदी प्रदूषित हो रही है. वहीं दो दिनों से हज़ारी खुदगड्डा जलापूर्ति योजना से दर्जनों गांवों में पानी की सप्लाई बंद है।
ऐसे हुआ मामला उज़ागर-
खुदगड्डा जलापूर्ति योजना की पानी टंकी में कार्यरत कर्मचारी शिवू प्रजापति और नागेश्वर यादव ने बताया कि प्लांट से केमिकल युक्त कचरा बोकारो नदी में जहां गिराया जा रहा है, वहीं हज़ारी खुदगड्डा जलापूर्ति योजना का इंटेक वेल है. इंटेक वेल से मोटर द्वारा पानी का उठाव कर पानी टंकी के फ़िल्टर प्लांट में संग्रह किया जाता है. जहां कुछ दिन पहले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पानी के ऊपरी सतह पर केमिकल युक्त प्रदूषित पानी की वजह से पानी का रंग पीला हो गया था. जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू किया और मामला उज़ागर हुआ. ग्रामीणों ने ओएनजीसी प्रबंधन से मिलकर नदी में केमिकल युक्त कचरा के प्रवाह पर आपत्ति जताई. दूसरी तरफ़ ओएनजीसी प्लांट के पदाधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है.वहीं उक्त इंटेक वेल से संबंधित गांवों में टैंकर से पानी की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।