होली के मौके पर पुलिसकर्मियों को शराब के नशे में डांस करना पड़ा भारी, 5 निलंबित

मामला महागामा थाना का

गोड्डा। होली के मौके पर शराब के सुरूर में पुलिसकर्मियों को डांस करना भारी पड़ गया। इस संबंध में एक वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को महागामा थाना के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। दरअसल, पुलिस विभाग का एक अलग अनुशासन होता है। पुलिस के कंधे पर विधि व्यवस्था को बनाए रखने की अहम जिम्मेदारी होती है। विशेषकर, पर्व त्योहार के मौके पर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से विशेष सजगता की उम्मीद रहती है। लेकिन होली के मौके पर महागामा थाना के दो एएसआई एवं तीन पुलिस जवान थाना परिसर में ही शराब की मस्ती में गाने की धुन पर थिरक रहे थे। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी अपने माथे पर शराब की ग्लास रखकर डांस कर रहे थे। शराब की मस्ती में डांस करते पुलिस कर्मियों का वीडियो वायरल होने पर जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाए जाने पर पांचों पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिरी।
 चर्चित वीडियो 9 मार्च 2023 को गोड्डा जिला अंतर्गत महागामा थाना का वायरल हुआ था। उक्त वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा से जांच कराई। एसडीपीओ शिव शंकर तिवारी ने जांच के क्रम में पांच पुलिसकर्मियों को दोषी पाया। एसडीपीओ के जांच रिपोर्ट से सहमत होते हुए पुलिस अधीक्षक के द्वारा दो सहायक अवर निरीक्षक एवं तीन पुलिस जवान को निलंबित कर पुलिस केन्द्र वापस किया गया। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

कौन-कौन हुए निलंबित
महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसएस तिवारी के जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने महागामा थाना के एएसआई बिपिन बिहारी राय एवं राधा कृष्ण सिंह तथा आरक्षी 100 सत्येंद्र नारायण सिंह, आरक्षी 214 कृष्णा कुमार सिंह तथा 526 प्यारे मोहन सिंह, सभी महागामा थाना, को निलंबित किया गया है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/682m

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *