दुमका, झारखंड: झारखंड की उप राजधानी दुमका के नगर थाना क्षेत्र के ग्रांड स्टेट के गोकुल धाम सोसायटी में एक पत्थर व्यवसायी ने अपने घर पर रस्सी से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शरीर को उतारकर दुमका के फूलों झानों मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्थर व्यवसायी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्रांड स्टेट के गोकुल धाम सोसायटी के मधुरेन्द्र झा के रूप में हुई है, जो पेशे से पत्थर व्यवसायी थे। पुलिस ने घटनास्थल से एक नोट बरामद किया, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर विचार कर रही है। मृतक के परिवार वालों और आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सके।
घटना के समय, मृतक की पत्नी अपने भाई को राखी बांधने गई हुई थी, और इस दौरान मधुरेन्द्र झा घर पर अकेले थे। परिवार और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।