निरसा I चिरकुंडा थाना क्षेत्र के बीसीसीएल सीवी एरिया बारह के जुनकुंदर ईको पार्क में गुरुवार की रात को चोरों ने धावा बोला। दहीबाड़ी कोलवाशरी के तैनात दो सुरक्षा गार्डों को चोरों ने बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर क्वायल लूट ली। एक घंटे तक लूटपाट की और आराम से चलते बने। इसके बाद गार्डों ने घटना की सूचना अधिनस्थ अधिकारी को दी। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से जुनकुंदर, बाबुडंगाल, चांच, बुटबाड़ी, ब्रह्मस्थान के आवासीय कॉलोनी के करीब दस हजार आबादी क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित हो गई है। गार्ड संतोष महतो, नुनु सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे 8-10 की संख्या में चोरों ने धावा बोला। दोनों गार्ड को धमकी देकर बंधक बना लिया। मोबाइल छीन ली। ट्रांसफार्मर से जुड़े हाइटेंशन तार को पहले काट दिया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर आराम से क्वायल और अन्य पाट्स निकाल कर चलते बने। बताया कि 23 जनवरी को भी चोरों गार्डों को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर के क्वायल लूट ली थी। कहा कि भय के माहौल में ड्यूटी करने को विवश हैं।