हर हाल में माह सितंबर के प्रथम सप्ताह में रसोई का परिचालन शुरू करने का दिया निर्देश
हजारीबाग I हजारीबाग के डेमोटांड में प्राथमिक विधालय के छात्रों के मिड डे मील के लिए केंद्रीयकृत रसोई हेतु निर्माणाधीन भवन का जायज़ा लेने शिक्षा विभाग के सचिव के.रवि कुमार निर्माण स्थल पर पहुंचे। मौके पर उपायुक्त नैंसी सहाय भी मौजूद रही। विभागीय सचिव ने निर्माणधीन भवन का मुआयना किया तथा कार्य की प्रगति देखकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने भवन निगम के कार्यपालक अभियंता से निर्धारित समय से निर्माण कार्यो में हो रही देरी की जानकारी ली। उन्होंने हर हाल में माह सितंबर के प्रथम सप्ताह में भवन निर्माण तथा बिजली कनेक्शन आदि सभी कार्यों को दुरुस्त करते हुए केंद्रीयकृत रसोई को शुरू करने का निर्देश दिया। सचिव श्री कुमार ने अधिकारीयों के साथ स्थल पर बैठक करते हुए शिक्षा अधीक्षक व शिक्षा पदाधिकारी को निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा नियमित रुप से हर प्रगति का फोटो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि घोषित समय पर रसोई का परिचालन शुरू किया जा सकें। बता दे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से अक्षय पात्र फाउंडेशन ने मुकुंदगंज, हज़ारीबाग में केंद्रीयकृत रसोई का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सुविधा के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों को पौष्टिक, गर्म और स्वादिष्ट मध्याह्न भोजन परोसने की योजना है। इस अवसर पर उपायुक्त नैंसी सहाय के अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधिक्षक, अक्षय पात्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वामी व्योम पद दास व अन्य उपस्थित थे।