चौ. देवीलाल के दौर के आखिरी महान नेता थे प्रकाश सिंह बादल, उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती : डिप्टी सीएम

12
हरियाणा/ (वासु के मेहता हरियाणा पॉलिटिकल ब्यूरो प्रमुख):।। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल ने अपने पूरा जीवन गरीब, किसान, कमेरे वर्ग की उन्नति के लिए समर्पित किया था और उनका निधन अपूरणीय क्षति है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि करीब 75 साल के राजनीतिक इतिहास में उन्होंने 17 साल जेल की सजा काटी। इसके बावजूद प्रकाश सिंह बादल ने स्तम्भ की तरह मजबूती के साथ संघर्ष किया। उनके निधन से एक राजनीतिक युग का अंत हुआ है। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल चौधरी देवीलाल के दौर के आखिरी महान नेता थे इसलिए उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनका निधन हमारे लिए निजी क्षति भी है क्योंकि प्रकाश सिंह बादल चौ. देवीलाल के पगड़ी बदल भाई थे। इस समय वे हमारे परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे। उन्होंने कहा कि उनका आशीर्वाद सदैव हम पर बना रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 2014 में हिसार लोकसभा से लड़े उनके जीवन के पहले चुनाव में आशीर्वाद देने प्रकाश सिंह बादल खुद हिसार आए थे। इसी तरह उनके उपमुख्यमंत्री के शपथ समारोह में भी वे आए थे। डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि प्रकाश सिंह बादल का उनके प्रति विशेष लगाव रहा है। वे समय-समय पर पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल से राजनीतिक सलाह लेकर आगे बढ़े है।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने पंजाब में हिंदू-सिख की एकता, पंजाब की राजनीति, देश के किसानों के लिए सदैव बढ़ चढ़कर योगदान दिया था और हमें उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि पंजाब में हरित क्रांति लाने में प्रकाश सिंह बादल का अहम योगदान रहा है। वे अपने जीवन के अंत तक किसानों के हित के बारे सोचते थे। इसको लेकर दुष्यंत चौटाला ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल ने उनको सलाह दी थी कि किसानों के लिए डेयरी, फूड प्रोसेसिंग जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया जाए और इस पर हरियाणा सरकार ने भी नीति बनाई है और इसके तहत पल्प और प्रोसेसिंग के प्लांट लगाए जाएंगे।
इससे पहले ट्वीट के माध्यम से डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि  “राजनीति के पुरोधा, महान स्वतंत्रता सेनानी, मेरे परदादा जी के साथी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय प्रकाश सिंह बादल साहब के निधन से हमें गहरा दुख पहुंचा है। यह कभी न पूरी हो सकने वाली क्षति है। उन्होंने हमेशा हमारे परिवार पर अपना वात्सल्यपूर्ण आशीष बनाए रखा। ईश्वर महान आत्मा को अपने चरणों में निवास प्रदान करें। ओम शांति !”
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/7l23

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *