गुड गवर्नेंस वीक के मौके पर कार्यशाला आयोजित
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में गुड गवर्नेंस वीक के अवसर पर उपायुक्त जिशान कमर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त श्री कमर, उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा, अपर समाहर्ता स्मिता टोप्पो, जिला नजारत उप समाहर्ता नागेश्वर साव, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा सौरव कुमार भुवानिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा आनंद मोहन सिंह आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने बताया कि गुड गवर्नेंस वीक का आयोजन जिले में 25 दिसंबर 2022 तक किया जा रहा है। बताया कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत वृहद स्तर पर गुड गवर्नेस प्रैक्टिस का प्रचार-प्रसार करते हुए नागरिकों के लिए सरकार द्वारा प्रदत्त सेवाओं से सभी वर्गों को लाभान्वित करने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंड मुख्यालयों में गुड गवर्नेस वर्कशॉप का आयोजन करते हुए कार्यशाला में शामिल लोगों से प्राप्त शिकायतों को सीपी ग्राम पर निबंधित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं से अवगत होना एवं उनके द्वारा प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कराना है। उपायुक्त ने कहा कि जिले में जनशिकायत के माध्यम से पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का ऑनलाइन निष्पादन कराना है।इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने अपने प्रखंडों में जनशिकायत से संबंधित मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन किए जाएं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा के द्वारा बताया गया कि गुड गवर्नेंस के अंतर्गत सभी कर्मचारियों को अपने कार्य के प्रति हमेशा तत्पर रहना चाहिए, ताकि लोगों की समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र किया जा सके।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता स्मिता टोप्पो के द्वारा बताया गया कि लोगों के लंबित शिकायतों का निष्पादन यथाशीघ्र करने के लिए संबंधित पदाधिकारी विशेष ध्यान दें। मंच का संचालन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी अविनाश कुमार के द्वारा किया गया। साथ ही साथ उनके द्वारा गुड गवर्नेंस सप्ताह के बारे में उपस्थित पदाधिकारियों के समक्ष प्रकाश डाला गया। मौके पर सिविल सर्जन गोड्डा डॉ अनंत कुमार झा, जिला भू -अर्जन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, कार्यपालक दंडाधिकारी जेसी विनीता केरकट्टा, मोनिका बास्की, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कोमल कुमारी सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/9fm2