पुलिस के लिए चुनौती है महिला हत्याकांड का उद्भेदन

पहले दिन नदी में गड़ा हुआ सर विहीन धड़ और दूसरे दिन सिर और कटा हुआ हाथ बरामद

साक्ष्य छिपाने के लिए अपराधियों ने जला दिया था सिर और हाथ

गोड्डा। सदर प्रखंड अंतर्गत सुंडमारा गांव के पास स्थित नदी से बरामद महिला के शव की गुत्थी को सुलझाना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। सोमवार को नदी में गड़ी हुई महिला की सिर विहीन लाश बरामद की गई थी। लाश का दाहिना हाथ भी कटा हुआ था। वहीं दूसरे दिन पुलिस ने मशक्कत करके नदी में गाड़ा हुआ महिला का सिर एवं कटा हुआ हाथ भी बरामद करने में कामयाबी पा ली है। लेकिन अपराधियों ने मृतक महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर एवं हाथ को जला दिया है।परिणाम स्वरूप मृतक महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। ऐसी स्थिति में पहले मृतक महिला की शिनाख्त और उसके बाद अपराधियों के गिरेबान तक पुलिस को अपना हाथ पहुंचाने के लिए काफी जद्दोजहद करने की जरूरत है। हालांकि वर्तमान पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के कार्यकाल में अधिकांश आपराधिक घटनाओं की गुत्थी को सुलझाने में गोड्डा पुलिस की कार्यकुशलता समय-समय पर जाहिर होती रही है। लेकिन इस हत्याकांड में अपराधियों ने जिस चतुराई के साथ साक्ष्य को मिटाने की हर संभव कोशिश की है, उसके मद्देनजर पुलिस को इस कांड के उद्भेदन के क्रम में काफी माथापच्ची करनी होगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस जघन्य हत्याकांड की जांच की अगुवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन सिंह कर रहे हैं। पुलिस को भरोसा है कि इस हत्याकांड की गुत्थी जल्द ही सुलझा ली जाएगी।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/a1ra

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *