गोड्डा। खतियानी जोहार यात्रा के क्रम में राज्यव्यापी दौरा कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गोड्डा में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। गढ़वा से प्रारंभ खतियानी जोहार यात्रा का पांचवा पड़ाव गोड्डा था। निर्धारित समय से करीब सवा दो घंटे विलंब से गुरुवार को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गोड्डा कॉलेज स्थित अस्थाई हेलीपैड पर अपराह्न करीब सवा दो बजे लैंड हुआ। वहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सभा स्थल पर पहुंचे।
गोड्डा कॉलेज स्थित हेलीपैड से जिला मुख्यालय के मेला मैदान सभा स्थल तक मुख्यमंत्री रोड शो करते हुए पहुंचे। करीब तीन किलोमीटर के रास्ते में लोग सड़क के दोनों किनारे कतारबद्ध होकर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लगे हुए थे। रास्ते में जगह जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर पुष्प वर्षा भी की गई।
रोड शो के दौरान भीड़ की उपस्थिति से मुख्यमंत्री श्री सोरेन के चेहरे पर खुशी छलक रही थी। कुछ स्थानों पर गाड़ी से निकलकर उन्होंने लोगों का अभिवादन भी किया। रास्ते में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/aeua