बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौसी थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
गोड्डा। दबंग माने जाने वाले क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक संजय प्रसाद यादव से उनके गृह जिला के ही एक स्वजातीय भागीरथ यादव ने वर्ष 2017 में रंगदारी की मांग की थी। करीब 6 वर्ष तक पुलिस से लुकाछिपी का खेल खेलने वाला भागीरथ यादव अंततः कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सका। मकर संक्रांति के मौके पर गोड्डा पुलिस ने उसे सीमावर्ती बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौसी थाना क्षेत्र के मुरमुरी गांव स्थित पैतृक आवास पर पकड़ने में कामयाबी पाई।
राजद के पूर्व स्थानीय विधायक संजय प्रसाद यादव से रंगदारी की मांग करने वाला भागीरथ यादव अंततः पुलिस के हत्थे चढ़ गया। करीब 71 माह बाद उसे बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौसी थाना क्षेत्र के मुरमुरी गांव से गिरफ्तार किया गया। रंगदारी मांगने के आरोप में पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने 19 फरवरी 2017 को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसका कांड संख्या 28/17 है।
स्थानीय पुलिस को 13 जनवरी 2023 को गुप्त सूचना मिली कि गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 28/17 के अभियुक्त भागीरथ यादव, पिता स्व गुलज यादव, साकिन मुरमुरी, थाना बौंसी, जिला बांका (बिहार) अपना घर पर्व में वापस आया है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई करम सिंह मुंडा के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए भेजा। पुलिस टीम ने छापामारी कर भागीरथ यादव को घर से गिरफ्तार किया गया। शनिवार को यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।इस बात की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन सिंह ने दी। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/dekg