काठीकुंड /दुमका । 9 सितंबर 2024 को काठीकुंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर आमतल्ला के पास रात करीब 9 बजे स्कूटी सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने रोशन मुकुट सोरेन की बुलेट मोटरसाइकिल (रजि. नं. JH04A-7379) को धक्का मारकर गिरा दिया। इस घटना में सोरेन का दाहिना पैर टूट गया। अपराधियों ने चाकू की नोक पर उनका बैग, मोबाइल, हैंडबैग और बुलेट मोटरसाइकिल लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर काठीकुंड थाना में 10 सितंबर 2024 को कांड संख्या 35/24 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर दुमका के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान इस प्रकार है: जितेंद्र केवट (19 वर्ष) पिता गणेश केवट, निवासी पतरापाड़ा, थाना लिट्टीपाड़ा, जिला पाकुड़; विजय केवट (24 वर्ष) पिता बद्री केवट, निवासी हरला, थाना काठीकुंड, जिला दुमका; और नेपाल केवट (31 वर्ष) पिता रामू केवट, निवासी डाड़ो, थाना रामगढ़, जिला दुमका।
पुलिस ने लूटे गए सामानों में बुलेट मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, रेडमी 5G मोबाइल, क्रेडिट कार्ड, स्कूल आईडी कार्ड, घड़ी, और चाकू को बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।