जिले के शत प्रतिशत बच्चों को मिजिल्स रूबेला टीका से किया जाना है आच्छादितः-उपायुक्त
मिजिल्स रूबेला जागरूकता रथ को किया गया रवाना
देवघर I मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा राजकीय कृत मध्य विद्यालय पुराना मीना बाजार से मिजिल्स रूबेला जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मौके पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आज से देवघर जिले में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है। जो कि 19 मई तक चलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि समाज के हर तपके के लोगों को जोड़ते हुए 9 माह से 15 वर्ष के शत प्रतिशत बच्चों को मिजिल्स रूबेला के टीके से आच्छादित किया जा सके। वहीं देवघर जिला अन्तर्गत 5,50,000 से अधिक बच्चों को मिजिल्स रूबेला का टीका दिया जायेगा। जिसको लेकर पूर्व से माईक्रो प्लान तैयार किया गया है, ताकि रोजाना से 20-25 हजार बच्चों को मिजिल्स रूबेला का टीका दिया जा सके। इसके तहत शहरी क्षेत्र अंतर्गत सभी संचालित सभी सरकारी विद्यालय, निजी विद्यालय, प्ले स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रो में लक्षित समूह के लिए टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। आगे उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता रथ के माध्यम से जिला, प्रखण्ड व पंचायत स्तर पर लोगों को टीकाकरण अभियान की जानकारी व बच्चों को इससे होने वाले फायदों की जानकारी से अवगत कराया जायेगा। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ0 युगल किशोर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रेम टोप्पो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी,डब्ल्यु एच ओ के प्रतिनिधि डॉ0 विनय, डीसी सेल के प्रतिनियुक्त अधिकारी सुश्री उषा किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार विद्यार्थी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम व संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।