जरमुंडी में प्रशासन ने चलाया बालू माफियाओं के विरुद्ध अभियान

जरमुंडी में अवैध बालू से लदा एक ट्रक व तालझारी में ट्रैक्टर जप्त, बालू माफियाओं में हड़कंप

IMG-20230203-WA0056
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू से लदा एक ट्रक व ट्रैक्टर जप्त किया गया। मामले में एक व्यक्ति पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गई है। पहली कार्रवाई में जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत तारणीकित्ता गांव के समीप मोतिहारा नदी से गैरकानूनी तरीके से बालू उठाव कर जमा किये गए बालू को प्रशासन द्वारा जप्त किया गया था जिसे बीती रात बालू माफियाओं के द्वारा ट्रक में लोड करके बाहर भेजे जाने की शिकायत मिलने के बाद जरमुंडी अंचलाधिकारी ने औचक अभियान चलाया एवं बालू लदा एक ट्रक जप्त किया। जरमुंडी अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद ने बताया कि तारणीकित्ता गांव के समीप एक बालू घाट से एक ट्रक में 840 घनफीट बालू जप्त किया गया। इसके अलावे तालझारी थाना क्षेत्र में बालू लदा एक ट्रैक्टर जप्त किया गया। बताया कि क्षेत्र में किसी-किसी नदी तट से रात्रि में बालू उठाव कर ट्रक से बाहर भेजे जाने की प्रायः सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आलोक में जरमुंडी थाना गश्ती दल के साथ बीती रात छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान रात्रि दो बजे के करीब तारणीकित्ता से बालू लदा ट्रक जप्त किया गया। पुलिस के गश्ती वाहन को देखते ही बालू लदे ट्रक का चालक एवं मौके पर मौजूद पांच स्थानीय आदमी अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रक छोड़कर भाग निकले। जरमुंडी अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद के निर्देश पर बालू लोडेड ट्रक को जरमुंडी पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा गया। इस मामले को लेकर प्रशासन के द्वारा जप्त किये गए बालू को अवैध तरीके से उठाव करने व बाहर भेजने के प्रयास के मामले में नोनीहाट के नोनीगांव निवासी नरेश यादव सहित पांच अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की तैयारी चल रही है। बता दें कि जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र में पुलिस प्रशासन एवं बालू माफियाओं के बीच यह आंख-मिचौली का खेल लंबे समय से जारी है। वहीं अंचलाधिकारी के द्वारा बीती रात चलाए गए इस छापेमारी अभियान के बाद बालू माफियाओं में हड़कंप व्याप्त है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/ehs6

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *