मधुपुर/ शहर के पथल चपटी स्थित मधुपुर कॉलेज की अवकाश प्राप्त प्राचार्या डॉ सुमन लता के आवास में लगी आग मामले में नया खुलासा हुआ है। घटना के दिन परिवार के सदस्य जहां इसे शार्ट सर्किट का मामला मान रहे थे। वही दूसरे दिन शुक्रवार को डॉ सुमन लता की बहू प्रियंका ज्योति ने मधुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया है। जिसमें बताया कि सभी शॉर्ट सर्किट समझ रहे थे, लेकिन यह सुनियोजित साजिश थी ।घटना वाले दिन घर के बाहर वाले कमरे में रहने वाले तापस रवानी के मुताबिक गुरुवार को करीब 4:00 बजे एक आदमी घर से दौड़ते हुए निकला था। घर से बाहर कुछ दूरी पर एक सफेद रंग की कार भी खड़ी थी। जिसमें एक महिला व पुरुष बैठे थे ।तापस ने कहा कि युवक ने कार के पास जाकर दोनों से बोला कि काम हो गया जल्दी निकलो ।तापस के कहने पर गंभीरता से छानबीन की गई तो देखा कि बगीचे की ओर से हॉल की खिड़की तक सीढ़ी लगी हुई मिली। जिससे घर वालों को अब घर में लगी आग की घटना शॉर्ट सर्किट से नहीं, बल्कि जानबूझकर लगाई गई प्रतीत हो रही है। परिवार वालों को घटना में स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले देवघर निवासी की भूमिका पर शक है। प्रियंका ज्योति का कहना है कि उसके पति प्रशांत सौरव के साथ देवघर के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी का विवाद हुआ था और उसने बर्बाद करने और उसके पति प्रशांत की नौकरी लेने की धमकी दी थी। प्रियंका ने आरोप लगाया है कि पूरे परिवार को जान मारने की नियत से घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं शनिवार को मधुपुर थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज रामदयाल मुंडा, शौकत खान दल बल के साथ डॉक्टर सुमन लता के आवास पहुंचकर जांच पड़ताल किये, इस दौरान उन्होंने जले हुए फ्लैट व जो सामान जला था उसका निरीक्षण किया। जिस सीढ़ी वाले स्थान से आरोपी के घुसने की शिकायत की गई है उसका निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को बारीकी से जांच कर शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई करेगी ।वही इस संबंध में डॉ सुमन लता ने भी अपने परिवार के सदस्यों पर जान से मारने का षड्यंत्र रचने वाले लोगों के ऊपर पुलिस प्रशासन से कार्यवाई करने की मांग की है।
आग लगाकर जान मारने के मामले में पुलिस ने किया एफआईआर दर्ज
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/ekal