न्यू बर्मन (एन.बी) कंपनी में मुनाफा का लालच देकर ग्रामीणों से लाखों रूपये की ठगी का मामला
लालच में फंसाकर ग्रामीणों से ठगी मामले में शामिल मानिक कुमार भंडारी के विरुद्ध पीड़ितों ने की शिकायत
बासुकीनाथ। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकीनाथ नगर पंचायत के गरडी, जरमुंडी, अम्बा, नावाडीह समेत विभिन्न गांवों में फर्जी एनबी कंपनी का प्रचार करके ग्रामीणों से लाखों रूपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में ठगी का शिकार हुए पीड़ित ग्रामीणों ने सामुहिक आवेदन देकर जरमुंडी थाना में गरडी गांव निवासी मानिक कुमार भंडारी के विरुद्ध शिकायत की है। ठगी के शिकार हुए युवकों ने आरोपी मानिक कुमार भंडारी के घर पर पहुंचकर जोरदार हंगामा भी किया। ठगी के शिकार युवक काफी गुस्से में थे। पीड़ित ग्रामीणों ने आवेदन देकर जरमुंडी थाना प्रभारी को बताया है कि जरमुंडी के गरडी गांव निवासी मानिक कुमार भंडारी ने अपने गांव तथा अनेक गांवों में जाकर तथाकथित एनबी कंपनी का कैंप लगाकर प्रचार किया एवं सभी लोगों को मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये इन्वेस्ट कराया। ग्रामीणों ने बताया कि मुनाफे का झांसा देकर तथाकथित कंपनी में इन्वेस्ट की रकम कितने लाख रूपये की है यह जांच का विषय है। ठगी की रकम लाखों से अधिक भी हो सकती है। मुनाफे के लालच में कई गांवों के ग्रामीण इससे पीड़ित हैं। मानिक कुमार भंडारी ने लोगों से कहा था कि एनबी में इन्वेस्ट करो और अधिक मुनाफा कमाओ। झांसे में आकर लोगों ने लाखों रुपए दूसरों से कर्ज लेकर या कुछ संपत्ति बेचकर मानिक की सुझाए गए तथाकथिक कंपनी में इन्वेस्ट किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बूढ़ों तथा महिलाओं को भी झांसे में लिया गया। लोगों ने जब अपने पैसे की मांग की, तो मानिक ने कहा कि कंपनी कोई साइबर थी। जिसमें हम लोग फंस गए हैं और सारा पैसा डूब गया है। मानिक ने कहा कि उसके इस साइबर नेटवर्किंग के जाल में फंसने के साथ स्थानीय तौर पर एक दर्जन के करीब व्यक्ति भी इसमें बतौर पदाधिकारी जुड़े हुए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों के द्वारा न्यू बर्मन कंपनी में लगाए गए रकम में से (ठगी में से) लाभांश मिला है। इस साइबर कंपनी में झारखंड एवं बिहार राज्य तथा अन्य राज्यों से भी व्यक्ति जुड़े हुए थे। ग्रामीणों ने आवेदन में जिक्र करते हुए बताया है कि कंपनी में विकलांग एवं मजदूर तबके के करीब 900 व्यक्ति इन्वेस्टर्स बनकर जुड़े हैं। जिसमें भरोसा कर लाखों रुपए लगाया और फंस गए हैं। इस बाबत ठगी के शिकार ग्रामीण पीड़ितों ने उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मुनाफे के नाम पर किससे कितने की ठगी
कंपनी ने मानिक कुमार से छह लाख रूपये, नितेश बाउरी से पांच हजार, राजेश बास्की का 49900 रूपये, अभिलाष कुमार 18900, राकेश रंजन 48100, अनुपम कुमार का 15000, प्रमोद कुमार मंडल का 25600, बीना देवी 6000, किशन मंडल 19000, अजीत कुमार यादव 6000, फिरोज आलम 6000, रविकांत 3000, सिकंदर महतो से 15000, विमल कुमार 7000 एवं मानस कुमार से 7200 रूपये सहित जरमुंडी, बासुकीनाथ, सहारा, तालझारी, सरैयाहाट, जामा, हरिपुर, रायकिनारी, बलाथर, नोनीहाट के युवकों से ठगी कर ली है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/eth9