नगर निगम की ओर से लगातार चलाया जाएगा अभियान : प्रकाश कुमार मिश्रा
देवघर। बाबा मंदिर के समीप बीते दिनों मंगल पंसारी की दुकान में आगजनी की घटना के बाद देवघर नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को दुसरे दिन भी जारी रहा। आज अभियान का नेतृत्व नगर निगम के नगर प्रबंधक प्रकाश कुमार मिश्रा कर रहे थे। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के सख्त निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा बसंतपंचमी मेला व महाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से जलार्पण कराने के उद्देश्य से भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम की ओर से आज टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक अतिक्रमण हटाने का काम किया गया। साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया है कि रास्ते में अतिक्रमण न करें। इस बाबत नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल समय समय पर अतिक्रमण हटाने को लेकर कड़ा रुख अपनाते रहे हैं। नगर आयुक्त के सख्त निर्देश के बाद बाबा मंदिर के आस-पास के इलाकों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नगर निगम की ओर से इस प्रकार का अभियान फिलहाल लगातार चलाया जाएगा। फिलहाल बाबा मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिसके बाद देवघर के सभी मार्केट से अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा। आज अतिक्रमण हटाने के नगर प्रबंधक के अलावा दंडाधिकारी के रूप में सीओ मोतीलाल मुर्मू सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मी व पुलिस बल के जवान मौजूद थे।