गोड्डा। भाजपा प्रदेश संगठन के आदेशानुसार बूथ सशक्तिकरण के लिए शनिवार को गोड्डा विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यशाला भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता की अध्यक्षता में की गई। मौके पर गोड्डा विधानसभा अंतर्गत सभी मंडल के मंडल अध्यक्ष, सभी मंडल के महामंत्री, चार सदस्यों की मंडल टोली एवं हर शक्ति केंद्र से दो अल्पकालीन विस्तारक मौजूद थे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री मेहता ने उपस्थित पार्टी नेताओं की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि आप सभी भाजपा के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। आप सभी को संगठन के द्वारा एक बहुत बड़ी जिम्मेवारी दी गई है। आप सभी कार्यकर्ता ईमानदारी पूर्वक प्रत्येक बूथों पर बैठकर हर बूथ पर 20 सदस्यों के साथ एक समिति का
गठन करेंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर 20 मार्च को सभी अपने-अपने शक्ति केंद्र की ओर निकल पड़ें। इसके साथ ही सभी शक्ति केंद्रों पर राष्ट्रपति के अभिभाषण को ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित जनता के बीच पढ़कर सुनाने का कार्य किए जाएं एवं विस्तार से इस पर चर्चा भी करें।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सत्यानंद झा उर्फ बाटुल ने कहा कि आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने यह साबित कर दिया है कि विकास के मामले में कोई भेदभाव नहीं है। आज हर क्षेत्र में विकास की दरिया बह रही है। मोदी की सरकार ने भेदभाव रहित विकास सबके लिए किया है। आज देश का मान सम्मान बढ़ा है, जिससे हम सभी भारतीय अपने आपमें गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री सह कार्यक्रम के संयोजक मुरारी चौबे ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता को चाहिए कि पार्टी संगठन द्वारा निर्देशित सभी कार्यक्रमों को शत प्रतिशत सफल बनाने की ओर ध्यान दें। जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के सह संयोजक अजय शाह ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर सभी मंडल के मंडल अध्यक्ष तत्पर रहेंगे। बूथ पर नियुक्त सभी पदाधिकारियों को शक्ति केंद्र पर भेज कर कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल कैसे बनाया जाए, इस पर चिंतन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया कर रहे थे। धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पवन झा, पप्पू शर्मा, परिणीता झा, गौरव भगत आदि उपस्थित थे। भाजपा के जिला मीडिया सह प्रभारी लाल बहादुर सिंह ने बताया कि कार्यशाला की समाप्ति के मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुनंदन यादव के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/gumh