चरकापाथर गांव के समीप डंगाल में चचेरे भाई अनिल कुंवर को रोककर युवक कामदेव ईश्वर ने गोली मार दी थी
बासुकीनाथ। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना फेटका चरकापाथर गांव के समीप पिछले शनिवार को गोली मारकर एक युवक को घायल करने के मामले में आरोपी चचेरा भाई कामदेव ईश्वर को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया है। मामले को लेकर सोमवार को जरमुंडी थाना परिसर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें जरमुंडी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी शिवेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि गोलीकांड को लेकर 21 जनवरी को आरोपी कामदेव ईश्वर पिता जगन्नाथ ईश्वर ग्राम बघिया कुसुमडीह निवासी के विरुद्ध अपने चचेरा भाई अनिल कुंवर पिता महेंद्र कुंवर, बघिया कुसुमडीह निवासी को गोली मार जख्मी कर देने व आर्म्स एक्ट दर्ज का मामला दर्ज किया गया था। एसडीपीओ शिवेंद्र ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया था। गठित एसआईटी में जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह, पुअनि अनुज प्रसाद यादव व तेज प्रताप सिंह, साक्षर आरक्षी अशोक कुमार सिंह, सहायक पुलिस प्रसाद कुमार सेन, हवलदार गेना लाल यादव, आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह शामिल थे। छापामारी के क्रम में अभियुक्त कामदेव ईश्वर पिता जगन्नाथ ईश्वर बघिया कुसुमडीह निवासी को घोरटोपी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है तथा स्वीकारोक्ति में उसने बताया कि दो वर्ष पूर्व चचेरा भाई अनिल कुमार ने ट्रैक्टर खरीदने के लिए 20 हजार रूपये उधार लिया था परंतु बार-बार मांगने पर भी रुपैया नहीं दिया। रुपैया मांगने पर उसके (आरोपी के) साथ गाली गलौज एवं मारपीट किया। जिसके कारण गुस्से में आकर घटना को उसने अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त ऑटोमेटिक पिस्टल को भी बरामद कर लिया गया है। बरामद अवैध हथियार के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जरमुंडी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी ने थाना मुंशी की सराहना करते हुए बताया कि साक्षर आरक्षी अशोक कुमार सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए रात्रि के समय ठंड के बावजूद 20 फुट के कुएं में पानी के अंदर गोता लगाकर टॉर्च की रोशनी की सहायता से घटना में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद किया।
बरामद एवं जप्त सामानों की विवरणी
एक लोडेड पिस्टल जिस पर ऑटोमेटिक पिस्टल अंकित है। पिस्टल ग्रिप पर काले रंग का फाइबर लगा हुआ है। जिसके मैगजीन में भरा हुआ दो जिंदा गोली (कुल 3 गोली) प्रत्येक गोली के पेंदे पर केएफ 7.65 अंकित है। तीन फायर किया हुआ खोखा जिसके पेंदे पर केएफ 7. 65 अंकित है। अभियुक्त द्वारा घटना के समय प्रयुक्त किया गया हीरो स्ट्रीम मोटरसाइकिल जेएच 04पी 4651घटनास्थल से बरामद किया गया।
छापामारी दल में कौन कौन शामिल थे
जरमुंडी थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक दयानंद साह, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक अनुज प्रसाद यादव व तेज प्रताप सिंह, साक्षर आरक्षी अशोक कुमार सिंह, सहायक पुलिस प्रसाद कुमार सेन, हवलदार गेना लाल यादव, आरक्षी 168 पुष्पेंद्र सिंह शामिल थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/iqtj