टाटीझरिया (हजारीबाग) I प्रखंड के खैरा पंचायत अंतर्गत बेडमक्का गांव में निर्माणाधीन कूप के धंसने से चार मजदूर मलबे में दब गए। इनमें से एक मजदूर महाबीर महतो (50 वर्ष) पिता गिद्धा महतो की मौत कुएं के अंदर मिट्टी में दबने के कारण हो गई। स्थानीय लोगों की सहायता से देर शाम मृतक मजदूर का शव और कुआं के अंदर दबे मजदूरों को बाहर निकाला जा सका। घटना बुधवार देर शाम की है। मृतक का शव गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। बेडमक्का के बलुआबाद खेत में प्रताप सिंह के कूप की खुदाई किया जा रहा था। मृतक मजदूर बेडमक्का गांव का ही है, घायल मजदूर त्रिभुवन महतो, चरकू पासवान और रामचंद्र महतो भी इसी गांव के निवासी हैं। कुल 7 लोग काम में लगे हुए थे। इनमें से चार मजदूर कुएं के अंदर मिट्टी खुदाई का काम कर रहे थे, बाकी तीन मजदूर ऊपर से कुंडी के माध्यम से मिट्टी को बाहर निकाल रहे थे। इसी बीच कुएं के ऊपरी हिस्सा से मिट्टी का बड़ा भाग कुएं के अंदर भरभरा कर गिर गया। जिसमें महाबीर महतो बुरी तरह से दब गए। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से मिट्टी में दबे मजदूर को बाहर निकाला जा सका। एक मजदूर का पैर टूट गया है, जिसकी ईलाज हजारीबाग अस्पताल में हो रहा है, शेष दो को मामूली चोटें लगी है। इस बाबत थाना में मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।