हवाई अड्डा समिति एवं हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक 

एयरपोर्ट परिसर के आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण, अवैध निर्माण, निर्धारित ऊंचाई से अधिक निर्माण, कचड़ा डम्पिंग पर विशेष रूप से दें ध्यानः उपायुक्त


जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी एवं सिक्युरिटी टीम आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था को लेकर करें कार्य

 यात्रियों की सुरक्षा हो सर्वोपरि : उपायुक्त 

एयरपोर्ट परिधि के आस पास जानवरों के अवशेष या मीट-मटन फेंकने वालों पर करें एफआईआर दर्ज 

देवघर।  बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हवाई अड्डा के सम्मेलन कक्ष में हवाई अड्डा समिति एवं हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति की हुई बैठक में उपायुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखने की आवश्यकता है। सुरक्षित हवाई यातायात के लिए आवश्यक है कि जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी एवं सिक्युरिटी टीम आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था को लेकर कार्य करें। बैठक के दौरान एयरपोर्ट के विकास और सुरक्षा, सफाई आदि मुद्दों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए डीजीसीए के प्वाइंट ऑफ व्यू से एनटी आईजीक मॉकड्रील आदि को लेकर किये जाने वाले कार्योें हेतु संबंधित विभाग के साथ एयरपोर्ट के अधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक के दौरान हवाई अड्डे के आस-पास पक्षियों, कुत्तों को आकर्षित करने वाले कसाईखानों, मीट की दुकानों पर नियंत्रण, एयरपोर्ट परिधि के आसपास मीट-मटन के अवशेषों को फेंकने पर नियंत्रण,, पेड़ों की छंटाई, अतिक्रमण, बिना अनुमति के निर्माण कार्य एवं नियमित सफाई जैसे मुद्दों पर उपायुक्त ने नगर निगम, मोहनपुर व देवघर के अंचलाधिकारी, संबंधित थाना को आपसी समन्वय के साथ पेट्रोलिंग व ऐसा करने वालों को चिन्ह्ति कर नोटिस करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षित हवाई यातायात के लिए हवाई अड्डे की परिधि में कचरे एवं मृत जानवरों का समुचित निस्तारण आवश्यक है, ताकि पक्षी आकर्षित नहीं हों। समुचित सेनेटाइजेशन के साथ मीट शॉप द्वारा अवशेषों को खुले में फेंकने से रोकने को लेकर आवश्यक कदम उठाते हुए एयरपोर्ट के आस-पास की इस परिधि में मांस के व्यापार से जुड़ी सभी दुकानों को नोटिस करें, ताकि नियमों के उल्लंघन करने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करें। बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सिक्युरिटी, सेफ्टी व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। देवघर व मोहनपुर के अंचलाधिकारी, एयरपोर्ट के अधिकारियों व थानों को आपसी समन्वय के साथ एयरपोर्ट क्षेत्र के साथ-साथ अवैध निर्माण, बिना अनुमति के निर्माण कार्य एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से समय-समय पर मॉनिटरिंग करने का निदेश दिया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र जाट ने एयरपोर्ट देवघर में विभिन्न सुरक्षा बिन्दुओं को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। ज्ञात हो कि उपायुक्त देवघर हवाई अड्डा समिति एवं हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति के अध्यक्ष है। इस दौरान नगर आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल, अपर समाहर्ता चन्द्र भूषण प्रसाद सिंह, प्रशिक्षु आईएएस अनिमेष रंजन, वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार साह, हवाई अड्डा निदेशक संदीप ढिंगरा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राजीव रंजन, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं एयरपोर्ट ऑथोरिटी के अधिकारी, सदस्य संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/kjvr

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *