दीक्षांत समारोह से पहले एसकेएमयू को छात्र नेताओं की आयी याद

सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के दीक्षांत से पहले छात्र नेताओं की याद सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय को आ गयी। दो प्रोफेसर ने आदिवासी छात्र नेताओं के साथ बैठक किया है और एसकेएमयू के वीसी को खुश करने का प्रयास किया।

स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में शनिवार को दीक्षांत समारोह की तैयारियों के लिए आमंत्रण समिति के समन्वयक डॉ. अजय सिंह की अध्यक्षता में छात्र संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 सितंबर 2024 को होने वाले दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।

छात्र संघ के प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर टॉपरों की उत्तर पुस्तिकाएं और पीएचडी शोधार्थियों की थीसिस सार्वजनिक करने की मांग रखी, ताकि शिक्षक और छात्र इसे देख सकें और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, उन्होंने दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर का चयन करने और छात्रों के अभिभावकों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने समारोह के खर्च का विवरण सार्वजनिक करने और कार्यक्रम की रूपरेखा पर छात्र संघों के साथ बैठक करने की आवश्यकता जताई।

इससे पहले गुरुवार को भी आमंत्रण समिति के संयोजक और उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. शम्स तबरेज खान ने विभिन्न छात्रावासों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। बैठक में छात्र संघ के प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय के कई अधिकारियों ने समारोह के आयोजन पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम, अभिषेक गुप्ता, अमन कुमार साह, धनंजय कुमार, मनोज सोरेन सहित अन्य प्रमुख छात्र नेता उपस्थित थे।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/l3l6