
वासेपुर में गैंगस्टर के भाई पर फायरिंग, बाल-बाल बचे नसीम खान
धनबाद के वासेपुर इलाके में रविवार शाम फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। गैंगस्टर फहीम खान के भाई नसीम खान उर्फ सोनू खान को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाया। घटना उस समय हुई जब नसीम खान अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। भूली मोड़ अलीपुर के पास पीछे से अपराधियों ने फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में नसीम खान बाल-बाल बच गए, और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
सूचना मिलने पर डीएसपी नौशाद आलम ने दो थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएसपी ने नसीम खान और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली।
पुलिस जांच में जुटी
फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। फिलहाल नसीम खान अपने घर पर सुरक्षित हैं। वारदात के बाद पुलिस की टीम वासेपुर इलाके में कैंप कर रही है। डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि कमर मखदूमी रोड निवासी नसीम खान पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, और पुलिस सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा रही है।