जामा I जामा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा सांसद सुनील सोरेन के तरबंधा स्थित आवास परिसर में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास एवं प्राणायाम कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति है। यह शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक तनाव से मुक्ति का उत्तम उपाय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका में योग करवा रहे हैं, यह गर्व की बात हैं। यह उनका ही नहीं पूरे भारत वर्ष का सम्मान है। योग मनुष्य की शारीरिक, मानसिक और अध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ाता है। यह दुनिया को भारत के द्वारा दिया गया अनमोल उपहार है उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 से हुई थी. दरअसल, 2014 सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69 वें सत्र में अपने संबोधन के दौरान योग दिवस का विचार प्रस्तावित किया था. इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों ने सर्व सम्मति से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने पर सहमति व्यक्त की थी, उसी के बाद से प्रत्येक 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है। सांसद ने स्वस्थ शरीर, दृढ़ चित्त और आध्यात्मिक उत्थान के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए योग प्रशिक्षक पंकज कुमार को धन्यवाद दिया। इस मौके पर भदेश्वर मरीक, सीताराम मिश्रा, संजय कुंवर, अमरेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।
भाजपा सांसद सुनील सोरेन ने कार्यकर्ताओं के साथ योगाभ्यास कर मनाया योग दिवस
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/o3a0