बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड के डेंगीडीह-बनवारा-डोमनाडीह (कुल लंबाई 13.025 किलोमीटर) पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण कार्य का कार्यारंभ शनिवार 12 नवम्बर को राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख के द्वारा किया जाएगा। जरमुंडी प्रखंड के डेंगीडीह-बनवारा-डोमनाडीह के करीब 13 किलोमीटर लम्बे सड़क के निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों के द्वारा लंबे समय से की जा रही है। ज्ञात हो कि पूर्व में यह सड़क ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत थी, जिसे स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के अथक प्रयास के द्वारा वर्तमान हेमंत सोरेन की सरकार ने पीडब्ल्यूडी में हस्तांतरित किया है। इस सड़क का निर्माण यहां के लोगों की एक चिर-प्रतीक्षित मांग थी। जिसे सूबे के मंत्री बादल पत्रलेख के द्वारा निरंतर प्रयास से अमली जामा पहनाया जा रहा है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने बताया कि
आज से करीब तीन वर्ष पूर्व बनवारा हाई स्कूल के मैदान में विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने जिस सड़क को बनवाने का वायदा आमजनता से किया था उसे पूरा कर दिखाया है। यह सड़क छह पंचायतों (चोरखेदा, खरबील्ला, राजसिमारिया, बनवारा, पेटसार तथा कुशमाहा चिकनिया) को मुख्य सड़क से जोड़ेगी। इस महत्वपूर्ण सड़क के पुनर्निर्माण से छह पंचायतों के डोमनाडीह, बजनडीह, चोरखेदा, डुमरिया, परिपा, पहाड़पुर, डोमाडीह, बनवारा, बांधडीह, भालसुमिया, चंद्रपुरा, पुराना फेटका, खुटहरी, ढेंगीडीह, चरकापाथर, बाघमारा, असवारी, धवाटांड़, बेंगनथरा सहित अन्य गांवों के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होंगे। इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के आम जनों विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय एवं प्रखंड मुख्यालय से संपर्क में आवागमन में सुविधा होगी। वहीं क्षेत्र के किसानों को भी अपने उत्पादित फसलों को प्रखंड मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय में ले जाकर क्रय विक्रय करने की काफी सुविधा होगी।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/o5n2