काठीकुंड/ पैसेंजर मैजिक की चपेट में आने से बाइक सवार एक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना देर शाम दुमका-पाकुड़ मुख्य पथ स्थित गुमरा पुल से ठीक पहले हुई. पाकुड़ के अमड़ापाड़ा प्रखंड का कुलकीपाड़ा निवासी 26 वर्षीय मार्शल मरांडी काठीकुंड की ओर से अपने घर की ओर जा रहा था. इसी क्रम में पीछे से आ रही मैजिक की चपेट में आ गया. घटना में मार्शल के दाहिने हाथ व पैर में गंभीर चोट आयी. सूचना मिलते ही एएसआई अभिमन्यु चौधरी दल ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर घायल को अस्पताल पहुंचाया. यहाँ अनुबंधकर्मियों के हड़ताल का असर देखने को मिला. मरीज के ड्रेसिंग व प्राथमिक उपचार करने वाला कोई नहीं दिखा. चिकित्सक डा विंसेंट मुर्मू ने गंभीर चोट को देखते हुए घायल मार्शल को दुमका रेफर कर दिया. घटना के बाद मैजिक का चालक व खलासी घटनास्थल से भाग निकले. मैजिक वाहन प्रखंड के ही गंधर्व गांव की बतायी जा रही है. पुलिस दुर्घटनाग्रस्त दोनो वाहनों को जब्त कर थाना ले गयी.