हरियाणा (वासु के मेहता हरियाणा पॉलिटिकल ब्यूरो प्रमुख) I ग्राम पंचायत संभालखा के पंचायती चुनाव को लेकर अधिसूचना की जारी,गांव में 15 जून को होगा सरपंच व पंच पद के लिए चुनाव, 31 मई से 5 जून तक कार्य दिवस में कर सकते है नामांकन, 6 जून को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी का होगा कार्य, 7 जून तक उम्मीदवार वापस ले सकते है अपना नामांकन, उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के उपरांत 7 जून को आवंटित किए जाएंगे चुनाव चिन्ह लाडवा 25 मई उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने कहा कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कुरुक्षेत्र जिले के खंड लाडवा की ग्राम पंचायत संभालखा के सरपंच व पंच पद के चुनाव कराने के आदेश जारी किए गए है। उन्होंने गांव संभालखा के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता पंचायती राज चुनावों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें तथा ईमानदार एवं साफ सुथरी छवि के उम्मीदवारों को चुने। मतदाता जाति, धर्म, सम्प्रदाय, व्यक्ति विशेष आदि से ऊपर उठकर मतदान करें।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने जारी आदेशों में कहा कि हरियाणा पंचायती राज चुनाव नियमावली 1994 के नियम 24 के तहत जिला कुरुक्षेत्र के ब्लॉक लाडवा के गांव संभालखा के सरपंच व पंच के आम चुनाव करवाने के लिए आदेश जारी किए गए है। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत 25 मई 2023 को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके उपरांत 31 मई से जिला में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, 5 जून को नामांकन का अंतिम दिन होगा, 6 जून को नामांकन की जांच (स्क्रूटनी) होगी, 7 जून को उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते है, 7 जून को उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। ग्राम पंचायत संभालखा में 15 जून को सरपंच और पंच पद के लिए मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। सरपंच व पंच पद के नतीजे उसी दिन चुनाव के बाद घोषित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंच पद के लिए अनारक्षित उम्मीदवार के लिए 10वीं, अनुसूचित जाति के पुरुष उम्मीदवार व किसी भी श्रेणी की महिला उम्मीदवार के लिए 8वीं व अनुसूचित जाति की महिला उम्मीदवार के लिए 5वीं कक्षा पास होना जरूरी है। सरपंच पद के लिए अनारक्षित उम्मीदवार के लिए 10वीं, अनुसूचित जाति के पुरुष उम्मीदवार व किसी भी श्रेणी की महिला उम्मीदवार के लिए (जिसमें अनुसूचित जाति की महिला भी शामिल है) 8वीं पास होना जरूरी है। पंच पद का उम्मीदवार अधिकतम 50 हजार रुपये चुनाव खर्च कर सकता है। इसी प्रकार सरपंच पद का उम्मीदवार अधिकतम 2 लाख रुपए चुनाव खर्च कर सकता है। सरपंच व पंच पद का मतदान बैलेट पेपर से होगा।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/qock