देश और राज्य के विकास में किसानों की अहम भूमिका होती है-फुरकान अंसारी
जामताड़ा I जामताड़ा थाना रोड स्थित विधायक आवास में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने आज सैकड़ों की संख्या में उपस्थित किसानों के बीच हाइब्रिड धान बीज का वितरण किया। मौके पर पूर्व सांसद ने कहा की हाइब्रिड धान बीज मिलने से किसानों को खेती करने में फायदा मिलेगा। देश और राज्य के विकास में किसानों की अहम भूमिका होती है। इसी को देखते हुए धान बीज का वितरण लगातार किया जा रहा है। हमारा एकमात्र उद्देश्य है किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज देकर उनसे बेहतर खेती कराई जाए ताकि उनके आय में वृद्धि हो सके और वे खुशहाल रहें।आगे पूर्व सांसद ने कहा की कांग्रेस पार्टी यही चाहती है कि हमारे गरीब आदिवासी दलित ओबीसी किसान मजबूत हो और खुशहाल रहें और उन्हें किसी चीज की कमी ना हो। कांग्रेस पार्टी सभी को सम्मान और इज्जत देने का काम करती है जबकि भाजपा वाले गरीब लाचार आदिवासी के साथ अत्याचार करते हैं और उन्हें कभी सम्मान नहीं देते हैं। भाजपा को सरकार में रहने का कोई हक नहीं है। भाजपा ना ही देश चला सकती है और ना ही राज्य चला सकती है। कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो गरीब और मध्यम वर्गों की पार्टी है और सभी संप्रदाय को एक साथ लेकर चलने का काम करती है और उन्हें सम्मान के साथ साथ समाज मे आगे लाने का काम कर रही है।