तीसरे बार प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी, मंत्री के लिये इन नामों की चर्चा


नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन तीसरी बार नरेद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनाने जा रही है। भारत सरकार के प्रधानमंत्री और मंत्रियों के शपथ ग्रहण रविवार की शाम में होगा। इस सरकार में 65 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। साल 2014 से यह एक परंपरा सी बन गई है कि मोदी मंत्रिपरिषद के गठन से पहले नेताओं को चाय पर बुलाते हैं और फिर कमाबेश वही चेहरे मंत्री पद की शपथ लेते हैं।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में नये चेहरों में मनोहर लाल खट्टर, सी आर पाटिल, शिवराज सिंह चौहान, बंडी संजय कुमार और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं। सरकार में ज्यादातर नये चेहरे भाजपा के सहयोगी दलों से हैं। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राम मोहन नायडू, चंद्रशेखर पेम्मासानी, जनता दल (यूनाइटेड) के राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर, शिवसेना के प्रतापराव जाधव के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के जीतन राम मांझी, जनता दल (सेक्यूलर) के एच डी कुमारस्वामी, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जयंत चौधरी, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के रामदास आठवले और अपना दल (एस) अनुप्रिया पटेल मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र यादव, प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, जितेंद्र सिंह, एसपीएस बघेल, अन्नपूर्णा देवी, वीरेंद्र कुमार, पंकज चौधरी, शोभा करंदलाजे, कृष्ण पाल गुर्जर और एल मुरुगन भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। भाजपा के जी किशन रेड्डी, सुकांत मजूमदार, राव इंद्रजीत सिंह, नित्यानंद राय और भागीरथ चौधरी के भी नई सरकार का हिस्सा होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद जितिन प्रसाद और महाराष्ट्र से रक्षा खडसे के भी नई सरकार का हिस्सा होने की उम्मीद है। खडसे ने मीडिया से पुष्टि की कि उन्हें सरकार का हिस्सा बनने के लिए फोन आया है। भाजपा के भीतर भी अटकलें हैं कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को सरकार में वापस लाया जा सकता है। भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनका विस्तारित कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है। सुबह मोदी से मिलने वाले नेताओं में वह भी शामिल थे। हालांकि, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह सत्तारूढ़ दल के प्रमुख के रूप में बैठक में मौजूद थे। वह प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल में मंत्रिपरिषद के सदस्य थे। वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।
इनको तीसरे कार्यकाल में नहीं मिलेगी जगह
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर से जीत हासिल करने वाले निवर्तमान सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर उन नेताओं में शामिल नहीं दिखे, जिन्हें मोदी ने चाय पर बुलाया था और फिर बाद में उन्हें संबोधित किया था। अमेठी से बड़ी हार का सामना करने वाली निवर्तमान मंत्री स्मृति ईरानी और चुनाव जीतने वाले पुरुषोत्तम रूपाला को भी नई सरकार में जगह मिलने की संभावना नहीं है। करीबी मुकाबले में शशि थरूर से हारने वाले राजीव चंद्रशेखर को भी नई सरकार से दूर रखा जा सकता है।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/sxi8