काठीकुंड/ सड़क निर्माण के लिये नाला बनाने के क्रम में कार्य करा रही एजेन्सी ने पेयजलापूर्ति के लिये बिछे पाइपलाइन को तहस-नहस कर दिया,जिस कारण ग्रामीणों को पिछले दो महीने से पानी के लिये परेशानी झेलनी पड़ रही है. मामला काठीकुंड बाजार का है. ज्ञात हो,कि काठीकुंड से कड़बिंदा तक लगभग 60 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. बीते 4 महीनों से चल रहे इस सड़क निर्माण में काठीकुंड बाजार में सड़क के दोनो और नाला बनाया जा रहा है. इसको लेकर कार्यकारी एजेंसी द्वारा फाउंडेशन के लिये गड्ढा करने के दौरान उस पाइपलाइन को जहाँ- तहाँ काट दिया गया है,जिससे ग्रामीणों के घर तक पानी पहुँचता था. आपको बता दे,कि काठीकुंड स्थित रामपुर मौजा के सैकड़ों लोगों के लिये इस पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति हो रही थी,जो संवेदक द्वारा किये गये इस कार्य से विगत 2 माह से बंद हैं. महत्वकाँक्षी योजना,जल जीवन मिशन के तहत जल समस्या को दूर करने के उद्देश्य से सोलह हजार लीटर की दो सोलर टंकी रामपुर मौजा में बनायी गयी थी. पिछले वर्ष के मई माह से ग्रामीणों को इस योजना का लाभ मिल रहा था और घर घर पानी पहुँच रहा था. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया,कि पाइपलाइन उजाड़ने के दौरान कार्यरत कर्मियों द्वारा 7 दिनों के अंदर पानी की आपूर्ति पुनः बहाल करा देने की बात कहीं गयी थी,लेकिन 2 माह बीतने के बाद एजेंसी के कर्मी उपेंद्र चौधरी द्वारा आज भी जल्द ठीक करा देने की बात कह कर ग्रामीणों को टाला जा रहा है. इस संबंध में संवेदक के कर्मियों से बात करने पर उनके द्वारा भी जल्द ठीक करवा देने की बात दोहरायी गयी. बहरहाल,गर्मी ने दस्तक दे दी है और ऐसा प्रतीत होता है,कि अभी जलापूर्ति योजना का दोबारा से लाभ लेने के लिये ग्रामीणों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.
सड़क निर्माण करा रही एजेन्सी ने जलापूर्ति का पाइपलाइन काटा,2 महीने से पानी को तरस रहे 80 से ज्यादा परिवार
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/sy8t