उत्तक्रमित मध्य विद्यालय डुमरथर जरमुंडी, दुमका।

04-07-2022

■ सुदूर ग्रामीण इलाके के जरमुंडी प्रखंड के डुमरथर विद्यालय ने जिला स्तर पर किया उत्तकृष्ठ प्रदर्शन
■ संसाधन की कमी के वावजूद समुदाय,अभिभावकों एवम् शिक्षकों ने सहयोग कर हर कमी को किया दूर
■ विद्यालय को जिला स्तर पर मिला स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार, स्वच्छता के सभी कैटेगरी में मिला फाइव स्टार रेटिंग
■ भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवम् उपयुक्त ने दिया पुरस्कार ,विद्यालय में उत्सव का माहौल
जरमुंडी/ दुमका जिला के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित जरमुंडी प्रखंड के डूमरथर विद्यालय ने संसाधनों की कमी के बीच आपसी सहयोग से जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता के सभी पैमानों पर फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त किया है। शनिवार को विद्यालय में बाल संसद के प्रधानमंत्री मुन्नी कुमारी की अगुवाई में स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार मिलने पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समुदाय अभिभावकों, शिक्षकों एवं सभी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया ,साथ ही विद्यार्थियों के बीच चॉकलेट का वितरण कर खुशी जाहिर की गई। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ सपन कुमार ने कहा कि निजी एवं सरकारी सैकड़ों विद्यालयों के बीच सुदूर ग्रामीण इलाके के विद्यालय को यह पुरस्कार मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस पुरस्कार से और भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि अभाव के बीच संभावना भी बनी रहती है और उसी संभावना में हर दिक्कत का हाल भी होता है । एक शिक्षक का दायित्व समाज को सही राह दिखाना हमने स्वच्छता के क्षेत्र में डुमरथर गांव में इसी सिद्धांत पर कार्य किया। 2015 के पूर्व विद्यालय में आधारभूत संरचना से लेकर स्वच्छता की भारी कमी थी, गांव के लोग विद्यालय के चापाकल का उपयोग वर्तन साफ करने, नहाने के लिए करते थे। विद्यालय में गंदगी पसरी रहती थी। उसी विद्यालय ने 2022 में स्वच्छता के सभी पैमाने पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह सभी की मेहनत, सहयोग एवं जागरूकता को परिलक्षित करता है। बाल संसद के प्रधानमंत्री मुन्नी कुमारी ने अपने कैबिनेट के सभी मंत्रियों और सभी विद्यार्थियों एवम् विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी लगातार बेहतर कार्य करते करने की बात कही। विद्यालय को पानी प्रबंधन, स्वच्छता को बढ़ावा देने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में बेहतर प्रदर्शन के लिए ओभर ऑल रेटिंग में फाइव स्टार रैंक प्राप्त हुआ है। भारत सरकार के संयुक्त सचिव डॉ शैलेन्द्र कुमार एवं उपायुक्त दुमका रविशंकर शुक्ला के द्वारा स्वच्छता प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय को स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ0 सपन कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। डुमरथर विद्यालय को तीन तीन स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार प्राप्त करना विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। डॉ0 सपन कुमार ने कहा की स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित होंने के बाद मेरे साथ साथ विद्यालय के सभी सदस्यों की विद्यालय के प्रति जबाबदेही और ज्यादा हो गई है। इस मौके पर वार्ड सदस्य सह विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य पवन लाल मुर्मू ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी एवं शिक्षक डॉ सपन कुमार के कार्य की सराहना की। पुरस्कार को पाकर ग्रामीण काफी उत्साहित है ।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/tbut