आवास योजना सहित सभी लंबित योजनाओं को अविलंब पूरा करें: बीडीओ
जरमुंडी बीडीओ ने प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड के बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने मंगलवार को क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव में घूम- घूम कर विकास योजनाओं का बारीकियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कूप निर्माण, पीएम आवास योजना, जल मीनार, पशु शेड, मनरेगा के कूप निर्माण, बागवानी, डोभा आदि के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर मौजूद कनीय अभियंता, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, पीएम आवास कोऑर्डिनेटर आदि को अधूरे विकास योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का आदेश दिया। पूर्ण हो चुके विकास योजनाओं के अभिलेख को बंद करने का निर्देश दिया। बीडीओ श्री मुर्मू ने बताया कि राशि भुगतान के बावजूद पीएम आवास योजना के जिन लाभुकों ने कार्य पुरा नहीं किया है, उन्हें अविलंब कार्य को पूर्ण करने का सख्त हिदायत दी गई। निरीक्षण के दौरान जेई व रोजगार सेवक को आदेश दिया कि जो भी मनरेगा योजना निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उसका एमबी बुक कर पूर्ण भुगतान करवाना सुनिश्चित करें। वहीं अधूरे बने कूप को भी यथाशीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। वहीं गांवों में बना रहे जलमीनार कार्य की गुणवत्ता जांच करने के बाद ही भुगतान किए जाने की बात कही। इस मौके पर भोडाबाद, पुतलीडाबर, खरबिल्ला पंचायत सहित अन्य पंचायत क्षेत्र में अधूरे पड़े आवास निर्माण कार्य को लेकर संबंधित लाभुकों को यथाशीघ्र आवास निर्माण कार्य को पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया। इस मौके पर पंचायत जनप्रतिनिधि, बीपीओ कन्हैयालाल झा, प्रभावती संगीता सोरेन, मो. अख्तर, जेई, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक व अन्य उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/tghe