होली पर्व के आयोजन को लेकर तालझारी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
बासुकीनाथ। तालझारी थाना परिसर में रविवार को होली पर्व व शबे बरात को लेकर जरमुंडी अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद की अध्यक्षता में एवं तालझारी थाना प्रभारी संतोष कुमार की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक व होली मिलन समारोह आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी सात एवं आठ मार्च को आयोजित होने वाले होली पर्व को शांति-सौहार्द्र व आपसी प्रेम- भाईचारे के साथ मनाने को लेकर अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद ने निर्देश दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि रंगोत्सव के इस पर्व को आपसी प्रेम एवं भाईचारे के साथ मनाए। इस मौके पर उन्होंने डीजे बजाने एवं रफ ड्राइविंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। इस मौके पर विभिन्न गांवों से आए सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी अपनी अपनी राय रखी। बैठक के उपरांत होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें सभी ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर रंगोत्सव के इस पावन पर्व की अग्रिम बधाई दी। इस मौके पर मुख्य रुप से कांग्रेस के तालझारी अध्यक्ष मुकेश यादव, अक्षय यादव, संतोष यादव सहित अन्य मौजूद थे।