बीडीओ द्वारा औचक निरीक्षण में 15 स्वास्थ्यकर्मी मिले अनुपस्थित

आधे दर्जन से अधिक सफाईकर्मी एवं माली रहने के बावजूद अस्पताल परिसर में मिली गंदगी

IMG-20221216-WA0079
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने शुक्रवार को बासुकीनाथ नंदी चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कुल 15 स्वास्थ्यकर्मी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। जरमुंडी बीडीओ ने जरमुंडी के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर रमेश कुमार को इस संदर्भ में पत्र प्रेषित कर कार्य से अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा है। जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार को जन्म मृत्यु पंजीकरण कार्य की जांच के लिए वे नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ जरमुंडी पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में अंकित रजिस्टर तालिका देखने पर एवं कार्य में उपस्थित कर्मियों का मिलान करने पर कुल 15 स्वास्थ्यकर्मियों के अनुपस्थित रहने की जानकारी प्राप्त हुई। इस दौरान एक साथ इतने स्वास्थ्यकर्मी के अनुपस्थित रहने पर बीडीओ ने नाराजगी जताई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधे दर्जन से अधिक माली एवं सफाईकर्मियों के रहने के बावजूद अस्पताल परिसर में यत्र-तत्र काफी गंदगी फैली हुई थी, जिसे लेकर भी नाराजगी जताई गई। वहीं स्वास्थ्यकर्मी के अनुपस्थित रहने के कारण जन्म मृत्यु पंजीकरण कार्य की जांच भी नहीं हो पाई। मामले में बताया जा रहा है कि जिला में आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मी गए थे उन्होंने हाजिरी रजिस्टर में अपने प्रस्थान के बारे में दुमका लिखा हुआ था। जरमुंडी बीडीओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक आकस्मिक सेवा है। जिसमें अगर स्वास्थ्यकर्मी धरना प्रदर्शन में शामिल होने जाते हैं, तो वे अवकाश लेकर जा सकते थे। उन्होंने दुमका जाने की बात लिख कर कार्य से अनुपस्थित हो गए जो कहीं से वैध नहीं है। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में एक साथ 15 स्वास्थ्यकर्मियों के अनुपस्थित रहने के कारण स्वास्थ्य सेवा जैसे आकस्मिक कार्य भी प्रभावित हुई है। एक साथ इतने स्वास्थ्यकर्मियों के अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग की है। 

यह कर्मी थे अनुपस्थित
औचक निरीक्षण के दौरान बीपीएम संजीव कुमार, बीडीएम संतोष कुमार, एमपीडब्लू बबलू कुमार मंडल, सहायक प्रदीप कुमार, पुरुष कक्ष के अनुसेवक जयप्रकाश मांझी, महिला कक्ष की सेविका कनकलता, बबीता कुमारी, सुशांति किस्कु, कंचन कुमारी, एक्स-रे तकनीशियन रामानुज कुमार, अर्चना कुमारी, प्रयोग शाखा प्रौद्योगिकी विजय कुमार, स्टाफ नर्स हेमंती कुमारी, फार्मासिस्ट सिमन मुर्मू, लैब टेक्नीशियन विकास कुमार सहित कुल 15 स्वास्थ्यकर्मी अपने कार्य से अनुपस्थित पाए गए।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/yf94

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *