गांव-गांव तक मेधा के उत्पादों की पहचान बनी हुई है: कृषि मंत्री
मेधा डेयरी अपनी गुणवत्ता, स्वाद और शुद्धता के लिए जानी जाती है: बादल
बासुकीनाथ। हमें गर्व है कि मेधा पेड़ा विदेशों तक जाता है, गांव गांव तक मेधा के उत्पादों की पहचान गुणवत्ता स्वाद और शुद्धता के लिए बनी हुई है। उपरोक्त बातें स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने सोमवार को जरमुंडी प्रखंड परिसर में आयोजित मेधा दही खाओ इनाम पाओ प्रतियोगिता के प्रतिभागी एवं उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने दुग्ध उत्पादकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशु आहार भोजन श्रृंखला में महत्वपूर्ण कड़ी अदा करते हैं। पशुओं को प्रोटीन, ऊर्जा तथा खनिज पदार्थों की संतुलित मात्रा पशु आहार के माध्यम से प्राप्त होती है। पशुओं के चारा में कैटल फिट (पशु आहार) पर भी 25 फीसदी अनुदान दिए जाने से किसानों को भरपूर सहयोग मिलने की बात कही। कहा वर्तमान में मेधा डेयरी द्वारा प्रतिदिन 1.80 लाख लीटर दुग्ध का उठाव हो रहा है इसे पांच लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य है। आज हमारा मेधा का दुग्ध अपने राज्य के अलावा अन्य राज्यों में भी निर्यात हो रहा है। इसकी हमें बेहद खुशी है। इस मौके पर उन्होंने किसानों, दुग्ध उत्पादकों को राज्य सरकार के द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, रियायती दर पर मिलने वाले पशुधन के बारे में जानकारी दी एवं इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर मेधा डेयरी के प्रबन्ध निदेशक सुधीर कुमार सिंह एवं हब इंचार्ज मिलन कुमार मिश्रा, अभिषेक भारती, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि सत्यनारायण यादव, बासुकीनाथ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोहित रंजन, तालझारी अध्यक्ष मुकेश यादव, टीम बादल के सदस्य सह कांग्रेस के प्रखंड उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, विजय यादव, अनुज कुमार कुशवाहा, भरत कापरी कौशल राउत, मिथिलेश मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष अमरलता सिंह, वरुण यादव सहित हजारों ग्रामीण मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/ypic