मुख्यमंत्री आज गोड्डा में, आम सभा को करेंगे संबोधित

खतियानी जोहार यात्रा के तहत संथाल परगना प्रमंडल में पहली सभा होगी गोड्डा में

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सभा स्थल का किया मुआयना


गोड्डा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा के तहत गुरुवार को गोड्डा आ रहे हैं। जिला मुख्यालय के मेला मैदान में मुख्यमंत्री आम सभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह रेस है। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व बुधवार को जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने सभा स्थल का मुआयना किया। खतियानी जोहार यात्रा के क्रम में संपूर्ण राज्य का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संथाल परगना प्रमंडल में गोड्डा से अपना कार्यक्रम प्रारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के सभा स्थल मेला मैदान में आकर्षक ढंग से पंडाल निर्माण का कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका है। मेला मैदान की चहारदीवारी का रंग रोगन किया गया है। मैदान के चारों तरफ सरकार की विभिन्न योजनाओं की होर्डिंग लगाने का कार्य अमूमन अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह रेस है। यातायात अवरुद्ध नहीं हो, इसके लिए जिला मुख्यालय को जगह जगह अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। एनएच 133 के गोड्डा – हंसडीहा पथ में सड़कों पर उभरे गड्ढे को भरने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे से एक दिन पूर्व भी सड़कों की मरम्मत का कार्य जोर- शोर से जारी था।
बुधवार को उपायुक्त जिशान कमर, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन सिंह समेत गोड्डा एवं महागामा के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने सभा स्थल का मुआयना किया।मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री सोरेन का आगमन 15 दिसंबर 2022 को हेलीकॉप्टर से गोड्डा कॉलेज स्थित हेलीपैड पर होगा। पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। 12.15 बजे मुख्यमंत्री सभा स्थल पर पहुंचेंगे। सभा को संबोधित करने के बाद अपराह्न 2 बजे मुख्यमंत्री परिसदन जाएंगे। अपराह्न 3 बजे सड़क मार्ग से देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/zs5g

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *