इग्नू जुलाई सत्र 2026 में नामांकन को लेकर एसपी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दी गई पाठ्यक्रमों की जानकारी

दुमका। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई सत्र 2026 में नामांकन को लेकर संताल परगना महाविद्यालय, दुमका में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र (3604) द्वारा प्रचार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों, नामांकन प्रक्रिया एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी गई।
यह जागरूकता कार्यक्रम एसपी कॉलेज के आदिवासी महिला कल्याण छात्रावास संख्या-02 एवं फूलो झानो मुर्मू महिला छात्रावास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व इग्नू अध्ययन केंद्र-3604 की समन्वयक प्रो. पूनम बिंझा एवं सह-समन्वयक प्रो. प्रतिभा टुडू ने किया।
कार्यक्रम में प्रो. पूनम बिंझा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए इग्नू में संचालित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इग्नू मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, अध्ययन केंद्र एवं परीक्षा केंद्र चयन की सुविधा सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि इग्नू में बीए, बीएससी, बीकॉम समेत कई विषयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
प्रो. बिंझा ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए इग्नू के बीए, बीएससी और बीकॉम के सामान्य पाठ्यक्रमों में फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। इसके अलावा यूजीसी के प्रावधानों के अनुसार विद्यार्थी एक साथ दो कोर्स भी कर सकते हैं।
उन्होंने छात्राओं को रोजगार से जुड़े पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इग्नू में विद्यार्थियों को लचीली शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई जारी रख सकते हैं। एसपी कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र द्वारा शिक्षार्थियों के लिए प्रत्येक सत्र में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन परामर्श कक्षाओं की व्यवस्था भी की जाती है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में नामांकन एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक विस्तारित कर दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in⁠� पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पाठ्यक्रमों, करियर संभावनाओं एवं नामांकन प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के अधिक से अधिक अवसरों से जोड़ना और इग्नू के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुलभ बनाना था।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/jf8m

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *