
दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडरों की नियमित, पारदर्शी एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक विलंब या कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मध्याह्न भोजन योजना एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया और इन संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिले में संचालित होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, जहां कमर्शियल गैस की खपत अधिक होती है, वहां भी नियमित आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।